चौपाल–पांवटा साहिब मार्ग पर बस खाई में गिरी, तीन की मौत, 30 से अधिक घायल

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
शिलाई,जिला सिरमौर

शिलाई:चौपाल से उत्तराखंड के रास्ते पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। क्वाणु के समीप एक अन्य वाहन को पास देते समय सड़क का डंगा धंस जाने से बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
हादसे का शिकार हुई बस संख्या HP-66A-2588 शुदोई खड्ड के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बस में कुल करीब 34 यात्री सवार थे।
बस परिचालक जगदीश चंद ने तुरंत उत्तराखंड के पुलिस थाना कालसी को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपक धारीवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटनास्थल पर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के साथ मिलकर खाई में गिरे घायलों की तलाश की और उन्हें सड़क तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही शिलाई के एसडीएम जसपाल कपूर भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।