केंद्र से मिली मदद का हिसाब देने से भाग रही कांग्रेस सरकार: राकेश डोगरा।

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन

भाजपा प्रवक्ता राकेश डोगरा ने कहा है कि कांग्रेस सरकार केंद्र से मिली आर्थिक सहायता का हिसाब देने से बच रही है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए लगातार बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, किसान-बागवान, महिलाएं, युवा और गरीब वर्ग के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है, लेकिन प्रदेश सरकार इस सच्चाई को स्वीकार करने के बजाय केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है।

डोगरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के ही दो मंत्री सड़क एवं पुल तथा पर्यटन विभाग के लिए केंद्र सरकार से हजारों करोड़ रुपये की सहायता लेकर आए हैं और सार्वजनिक मंचों से केंद्र सरकार का धन्यवाद भी कर चुके हैं। इससे साफ है कि जब तथ्यों और जरूरतों को सही ढंग से रखा जाता है, तो केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को पूरा सहयोग देती है। इसके विपरीत मुख्यमंत्री और उनके करीबी मंत्री केवल केंद्र विरोध की राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि आपदा राहत के लिए आए 6,000 करोड़ रुपये, 8,500 करोड़ रुपये की विशेष सहायता और 40,000 करोड़ रुपये के कर्ज का उपयोग किन मदों में किया गया। इसके अलावा रेलवे के लिए 3,000 करोड़ रुपये तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, किसान-बागवान, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न योजनाओं में केंद्र से मिले धन का पूरा विवरण जनता को क्यों नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले 10 गारंटियां देने वाली कांग्रेस सरकार आज तक एक भी गारंटी पूरी नहीं कर पाई है। हालात यह हैं कि प्रदेश में कर्मचारी, युवा, किसान-बागवान, दिव्यांग और ट्रांसपोर्ट कर्मचारी सड़कों पर हैं, जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है। राकेश डोगरा ने कहा कि अब जनता सच जानना चाहती है और कांग्रेस सरकार को जवाब देना ही होगा।