बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त करने पर हुआ मंथन
देवभूमि न्यूज 24.इन
ब्यूरो,पांवटा साहिब
जिला सिरमौर
भारतीय जनता पार्टी, पांवटा साहिब के दोनों मंडलों की संयुक्त मासिक बैठक आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) रेस्ट हाउस, पांवटा साहिब में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता गिरिपार आँज भोज मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने को लेकर व्यापक एवं ठोस रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा, संगठन और सुशासन के संकल्प पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पार्टी की वास्तविक शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है और संगठन की मजबूती की नींव बूथ स्तर पर किए गए निरंतर कार्य से ही मजबूत होती है।
इस अवसर पर एसआईआर (SIR) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा संगठनात्मक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। साथ ही विकसित भारत ग्राम (VBGRAMG) योजना के बारे में बताया गया कि यह मनरेगा योजना का उन्नत स्वरूप है, जिसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत डिजिटल माध्यम से हाजिरी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। इसे गरीब, मजदूर और ग्रामीण समाज के सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार का ऐतिहासिक कदम बताया गया।
बैठक में केंद्रीय बजट 2026 पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बजट को गरीब, किसान, युवा, महिला एवं मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया विकासोन्मुखी बजट बताया गया, जो देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर करेगा।
विधायक सुखराम चौधरी ने पांवटा साहिब युवा मोर्चा द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक एवं जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार युवा मोर्चा बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रहा है, उसी प्रकार पार्टी के सभी मोर्चों को भी नियमित बैठकों एवं जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही कार्यशैली भारतीय जनता पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग और सशक्त बनाती है।
बैठक में जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया, जिला महामंत्री तपिंदर शर्मा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुभाष चौधरी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश सचिव पवन चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अनिल सैनी, जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा अविनाश सैनी, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष शिवानी वर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष संयम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी मजबूती के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।