देवभूमि न्यूज 24.इन
नई दिल्ली
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तरफ से पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का के बाद शुरू हुआ हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके बाद बुधवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सरकार पर संसद की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया। प्रियंका ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को नहीं बोलने के मुद्दे को उठाया।
‘जनता ने कीमती वोट देकर भेजा है’
मोदी सरकार ये साबित करना चाहती है कि संसद में सिर्फ उन्हीं की चलती है। वे सोचते हैं सदन में किसी को भी खड़ा कर देंगे, फिर वो जो चाहे बोल सकता है, लेकिन हम LoP को नहीं बोलने देंगे। ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम यहां समय बर्बाद करने के लिए नहीं खड़े हैं, जनता ने अपना कीमती वोट देकर हमें यहां भेजा है, ताकि हम उनकी आवाज उठाएं।
प्रियंका ने कहा कि इसलिए जब तक LoP को बोलने नहीं दिया जाता, हम आवाज उठाएंगे। ऐसा इतिहास में पहली बार हुआ है, जब एक सरकार खुद ही संसद को डिस्टर्ब कर रही है, क्योंकि उनके बारे में खुलासे हो रहे हैं।
इंदिरा गांधी का किया जिक्र
प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में इंदिरा गांधी का भी जिक्र किया। प्रियंका ने कहा कि इंदिरा गांधी जी कभी निर्णय लेने से पीछे नहीं हटीं। उन्होंने कमरे में दुबककर ये नहीं कहा- मैं निर्णय नहीं लूंगी। वे आगे आईं, निर्णय लिया और पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि लेकिन आज जैसा नरेंद्र मोदी कर रहे हैं, देश वैसे नहीं चलता है। उन्होंने केंद्र सरकार पर संसद की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाया। कांग्रेस सांसद ने सरकार पर स्पीकर और संसद का ‘अपमान’ करने का आरोप लगाया और इस बात पर जोर दिया कि विपक्ष के नेता पूरे विपक्ष का प्रतिनिधित्व करते हैं।