राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू ‘गद्दार दोस्त’ कहा तो वहीं जवाब में केंद्रीय मंत्री ने देश का दुश्मन कहा।

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
नई दिल्ली

संसद के बाहर बुधवार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस देखने को मिली। राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार दोस्त’ कहा जिसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को ‘देश का दुश्मन’ कहा। इन दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तब देखने को मिली जब संसद के गेट पर कांग्रेस सांसद प्रदर्शन कर रहे थे।
न्यूज एजेंसी के अनुसार रवनीत सिंह बिट्टू जैसे ही मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों की ओर से गुजरे वहां मौजूद राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री की ओर से इशारा करते हुए टिप्पणी कर दी। राहुल गांधी ने उनसे हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा कि नमस्कार भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस (कांग्रेस में) आओगे। वहीं देश के दुश्मन… कहते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और दोनों नेताओं के बीच कहा-सुनी हुई।
विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी के कारण बुधवार को लोकसभा में बैठक शुरू होने के पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। बैठक शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इसी दौरान विपक्ष के सदस्य हंगामा करने लगे। वे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए बोलने की अनुमति नहीं देने और इस मुद्दे पर सदन की अवमानना के मामले में आठ विपक्षी सदस्यों को निलंबित किए जाने का मुद्दा उठा रहे थे।