देवभूमि न्यूज 24.इन
चंडीगढ़
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एक जज की सेक्टर-19 स्थित कोठी में ड्रोन गिरने से हड़कंप मच गया। कोठी के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने जैसे ही ड्रोन गिरते देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद पुलिस विभाग और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गईं।
सूचना मिलते ही सेक्टर-19 थाना प्रभारी सरिता राय, बम निरोधक दस्ता, सीएफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड सहित अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को सील कर दिया गया और गहन जांच शुरू की गई। ड्रोन की बारीकी से जांच की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसमें कोई संदिग्ध या खतरनाक सामग्री तो नहीं है।
जांच के दौरान सामने आया कि ड्रोन पड़ोस में रहने वाले 9 वर्षीय बच्चे का था। बच्चा रिमोट कंट्रोल से ड्रोन उड़ा रहा था, लेकिन उड़ान के दौरान ड्रोन नियंत्रण से बाहर हो गया और जज की कोठी में जा गिरा। ड्रोन गिरने के बाद बच्चा घबराकर रोते हुए घर चला गया, जबकि उसकी मां ड्रोन की तलाश में बाहर निकली, लेकिन उसे ड्रोन नहीं मिला।
इसी दौरान कोठी में तैनात सुरक्षा गार्ड ने परिसर के अंदर ड्रोन गिरने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच करने के बाद मामला सामान्य पाया गया है और किसी तरह की सुरक्षा चूक या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।
पुलिस ने एहतियातन पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरतने की सलाह दी है और ड्रोन उड़ाने को लेकर नियमों के पालन की अपील की है।