देवभूमि न्यूज 24.इन
मंडी
उपायुक्त मंडी एवं मेला समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 के अवसर पर जिला प्रशासन मंडी द्वारा रील मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य लगभग 500 वर्ष प्राचीन मंडी नगर की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को रचनात्मक माध्यम से सहेजना और व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से देवताओं के आगमन, बजंतरियों की गूंज तथा श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से जुड़े विशेष पलों को 45 से 60 सेकंड की रील में दर्शाना होगा।
कौन ले सकता है भाग
उपायुक्त ने बताया कि प्रतियोगिता में 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारत में निवास करने वाले सभी इच्छुक शौकिया एवं पेशेवर प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता की थीम “द पल्स” निर्धारित की गई है।
प्रतिभागियों को अधिकतम एक रील वर्टिकल 9:16 फॉर्मेट में तैयार करनी होगी, जिसमें जलेब, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोगों की अनूठी आस्था के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित किया जाए।
ऐसे करें प्रविष्टि
प्रतिभागियों को अपनी मौलिक एवं हाई-रेजोल्यूशन में तैयार रील ईमेल के माध्यम से mandidtdo@gmail.com पर भेजनी होगी। साथ ही रील को डीसी मंडी के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम हैंडल के साथ कोलैब पोस्ट करना तथा #MandiShivratri हैशटैग का प्रयोग करना अनिवार्य रहेगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि रील पूर्णतः मौलिक होनी चाहिए। एआई जनरेटेड, साहित्यिक चोरी अथवा पूर्व प्रकाशित सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रविष्टि के साथ प्रतिभागी को अपना पूरा नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, रील का शीर्षक, स्थान व तिथि तथा पहचान सत्यापन हेतु आधार कार्ड की स्कैन प्रति संलग्न करनी होगी।
अंतिम तिथि और चयन प्रक्रिया
रील भेजने की अंतिम तिथि 23 फरवरी, 2026 को दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित की गई है। विलंबित अथवा अपूर्ण प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
प्रतियोगिता की प्रविष्टियों का मूल्यांकन उपायुक्त मंडी द्वारा नामित निर्णायक मंडल करेगा तथा निर्णायकों का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा।
उपायुक्त ने युवाओं और रचनात्मक प्रतिभाओं से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि मंडी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सके।