कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
नाहन,जिला सिरमौर
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए बताया कि रेणुका जी बांध परियोजना, ददाहू के अंतर्गत द्वितीय चरण में प्रभावित मुख्य परियोजना प्रभावित गृहविहीन परिवारों की विस्तृत सूचियां जारी कर दी गई हैं। ये सूचियां उपायुक्त जिला सिरमौर की आधिकारिक वेबसाइट https://hpsirmaur.nic.in� पर अवलोकन हेतु उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए संबंधित पटवार वृत्त ददाहू तथा पंचायत कार्यालय पनार में भी ये सूचियां 13 फरवरी से 28 फरवरी, 2026 तक अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेंगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों की भूमि अथवा घर इस परियोजना के लिए अधिग्रहित किए गए हैं और यदि उनका नाम सूची में शामिल नहीं है या गलत रूप से शामिल किया गया है, तो वे अपना दावा या आक्षेप लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित व्यक्ति रेणुका जी बांध परियोजना, हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड कार्यालय ददाहू, जिला सिरमौर तथा तहसीलदार ददाहू के कार्यालय में 13 फरवरी से 28 फरवरी, 2026 तक प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं।
उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त होने वाले दावे या आक्षेप मान्य नहीं होंगे।