जन-जन सुरक्षा शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को दी वित्तीय साक्षरता की जानकारी

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
कफोटा (सिरमौर): हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की शाखा काफोटा द्वारा ग्राम पंचायत मंडोली (ब्लॉक संगड़ाह) तथा हरिपुरधार में वित्तीय साक्षरता एवं जन-जन सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों, युवा वर्ग, किसान वर्ग, महिला मंडलों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान बैंक प्रतिनिधि बलवीर सिंह ने केंद्र सरकार एवं बैंक द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के लाभ, पात्रता एवं पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में ग्रामीणों को अवगत कराया। इसके अतिरिक्त बैंक की अन्य जमा एवं ऋण योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
किसान वर्ग को किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग, ऋण सीमा, ब्याज दर एवं समय पर भुगतान के लाभों के बारे में विस्तार से समझाया गया। किसानों को बताया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से वे खेती से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए सरल प्रक्रिया से ऋण प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर के अंत में ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने लोगों को अनजान कॉल, ओटीपी साझा करने तथा फर्जी लिंक से सावधान रहने की सलाह दी।
ग्रामीणों ने इस प्रकार के जागरूकता शिविरों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।