अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव: देवताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं, लगभग 200 देवी-देवता पहुंचे पड्डल मैदान

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24.इन
मंडी, हिमाचल प्रदेश

देवता उप समिति के संयोजक एवं एडीएम मंडी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में देवी-देवताओं के लिए व्यवस्थाएं विशेष रूप से सुनियोजित ढंग से की गई हैं। सभी पंजीकृत देवताओं को पड्डल मैदान में पौड़ियों पर पैगोड़ा शैली में शिविर लगाकर तथा विधिवत मैटिंग करवाकर विराजमान किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष कुल 216 पंजीकृत देवी-देवताओं को औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था, जिनमें से अब तक लगभग 200 के करीब देवी-देवता मेले में पहुंच चुके हैं।
एडीएम ने बताया कि मैदान में देवताओं के बैठने के लिए स्थान आवंटन की जिम्मेदारी सर्व देवता समिति को सौंपी गई है। जैसे-जैसे देवी-देवता पड्डल मैदान पहुंच रहे हैं, समिति द्वारा उन्हें निर्धारित स्थान प्रदान किया जा रहा है, जिससे व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। उनके बैठने के लिए दरियां उपलब्ध करवाई गई हैं तथा भोजन पकाने और ठंड से बचाव के लिए लकड़ी (बालन) भी प्रदान की जा रही है, ताकि किसी को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा अब तक देवी-देवताओं के लिए राशन और सब्जी व्यवस्था हेतु लगभग 24 लाख रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। शेष देवताओं के मेले में पहुंचते ही उन्हें भी समान रूप से राशन, दरी और लकड़ी की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
जिला प्रशासन ने विश्वास दिलाया है कि शिवरात्रि मेले में आने वाले सभी देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यह देव महोत्सव श्रद्धा, परंपरा और सुव्यवस्था का आदर्श उदाहरण बन सके।