शिमला: RDG बहाली के लिए दिल्ली जाएगी हिमाचल कैबिनेट

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश के राजस्व घाटा अनुदान (Revenue Deficit Grant) को दोबारा बहाल करवाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में राज्य की कांग्रेस सरकार का मंत्रिमंडल 19 फरवरी को नई दिल्ली में बैठक करेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में पूरी कैबिनेट दिल्ली रवाना होगी।
रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) की बहाली को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ गुरुवार शाम 4 बजे बैठक तय की गई है। इस बैठक में हिमाचल की वित्तीय स्थिति और RDG बहाली पर विस्तार से चर्चा होगी।
उल्लेखनीय है कि शिमला में इस समय राज्य विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, जिसका पहला चरण 18 फरवरी तक निर्धारित है। ऐसे में अधिकांश मंत्री बुधवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जबकि कुछ मंत्री गुरुवार सुबह भी जा सकते हैं। इससे पहले विधानसभा में केंद्र सरकार से राजस्व घाटा अनुदान बहाल करने का आग्रह करते हुए एक संकल्प प्रस्ताव भी पारित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने विपक्षी दल भाजपा से भी इस मुद्दे पर सहयोग की अपील की है और कहा है कि यदि आवश्यक हुआ तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संयुक्त रूप से मिलने को भी तैयार हैं। हालांकि, इससे पहले कांग्रेस हाईकमान के समक्ष प्रदेश मंत्रिमंडल अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहता है।
नई दिल्ली में संसद का बजट सत्र जारी है और 4 मार्च तक अवकाश रहेगा, जबकि 14 मार्च को केंद्रीय बजट पारित किया जाना है। ऐसे में हिमाचल सरकार चाहती है कि उससे पहले केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखी जाए, ताकि या तो RDG बहाल हो या उसकी भरपाई के लिए कोई वैकल्पिक वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।