भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता की सलाह: केंद्र से मधुर संबंध बनाएं मुख्यमंत्री

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
नाहन,जिला सिरमौर

भारतीय जनता पार्टी के सिरमौर जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सलाह देते हुए कहा है कि उन्हें केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना करने के बजाय उससे मधुर संबंध स्थापित करने चाहिए।
रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के विकास के लिए करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध करवाया है, जिसके लिए मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार का विशेष आभार व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से कितनी बार मुलाकात की है और प्रदेश को मिले आर्थिक सहयोग के लिए कितनी बार धन्यवाद दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इसका जवाब जानना चाहती है। रावत के अनुसार, राज्य सरकार केंद्र के सहयोग के बिना सुचारू रूप से नहीं चल सकती, इसलिए केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध होना आवश्यक है, ताकि हिमाचल प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
रावत ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे प्रदेश सरकार में ऐसे मंत्री हैं जो केंद्र से बजट मिलने पर सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करते हैं।