देवभूमि न्यूज 24.इन
चंडीगढ़
पीजीआई चंडीगढ़ में 1 मार्च 2026 से हृदय रोगियों के लिए अलग कार्डियक इमरजेंसी सुविधा शुरू की जाएगी। इस नई व्यवस्था से दिल के मरीजों को सामान्य इमरजेंसी की भीड़ से अलग सीधे विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा।
संस्थान में एडवांस्ड कार्डियक सेंटर की स्थापना वर्ष 2009 में हुई थी, लेकिन तब से अलग कार्डियक इमरजेंसी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब यह सुविधा औपचारिक रूप से शुरू की जा रही है, जिससे हृदय संबंधी आपात स्थितियों में तेजी से उपचार संभव होगा।
पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल के अनुसार, संस्थान में रोजाना कई राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। सामान्य इमरजेंसी में ट्रॉमा, सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों के बीच हृदय संबंधी आपात मामलों को संभालना चुनौतीपूर्ण हो जाता था। चूंकि हृदय रोग के मामलों में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है, इसलिए अलग कार्डियक इमरजेंसी की व्यवस्था आवश्यक थी।
नई कार्डियक इमरजेंसी को कार्डियोलॉजी, इमरजेंसी मेडिसिन, एनेस्थीसिया, अस्पताल प्रशासन और नर्सिंग सेवाओं के संयुक्त प्रयास से विकसित किया गया है। इससे उपचार में देरी कम होगी और मरीजों को समय पर विशेषज्ञ देखभाल मिल सकेगी।
संस्थान के अनुसार, इस नई व्यवस्था से मुख्य इमरजेंसी पर दबाव कम होगा, मरीजों की आवाजाही बेहतर होगी और हृदय रोगियों को केंद्रित व त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।