देवभूमि न्यूज 24.इन
शिलाई,जिला सिरमौर
सुशील कुकरेजा, न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय हिमाचल प्रदेश ने शिलाई न्यायालय का दौरा किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन शिलाई द्वारा उनका हार्दिक स्वागत किया गया।
दौरे के दौरान माननीय न्यायमूर्ति ने बार के सदस्यों के साथ आत्मीय संवाद किया। बार सदस्यों ने न्यायमूर्ति के समक्ष न्यायालय परिसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को विस्तारपूर्वक रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान न्यायालय भवन में अधिवक्ताओं के लिए बार रूम की व्यवस्था नहीं है तथा क्लाइंट्स के लिए धूप और बरसात से बचाव हेतु बैठने की उचित सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। इसके अतिरिक्त पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।
बार सदस्यों ने कहा कि इन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अधिवक्ताओं एवं वादियों को सर्दी और गर्मी के मौसम में खुले में पेशी का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
बार एसोसिएशन ने बार अध्यक्ष नीलम चौहान की अध्यक्षता में अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसमें शीघ्र नए कोर्ट भवन के निर्माण के साथ-साथ वकीलों और क्लाइंट्स के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
न्यायमूर्ति सुशील कुकरेजा ने बार की सभी मांगों और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।