राजकीय महाविद्यालय शिलाई में राष्ट्रीय सेवा योजना के वार्षिक सप्त दिवसीय शिविर का शुभारंभ

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
शिलाई,जिला सिरमौर

राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एक और दो द्वारा वार्षिक सप्त दिवसीय शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. आर. कश्यप की गरिमामयी उपस्थिति में तथा कार्यक्रम अधिकारी रंजना चौहान और यशपाल शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में शिलाई के उपमंडल अधिकारी श्री जसवाल जी ने किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री जसवाल जी ने युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे जैसे घातक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया तथा इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. आर. कश्यप ने स्वयंसेवकों को शिविर के दौरान आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने, अनुशासन बनाए रखने तथा नई सीख ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने स्वयंसेविकाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नाटी की सराहना की। दोपहर के भोजन में सिड्डू जैसे पारंपरिक व्यंजनों का सभी ने आनंद लिया।
दिन के द्वितीय सत्र में सामुदायिक सेवा के उद्देश्य से स्वयंसेवकों ने गोद लिए गए गांव कैलाथ में स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित किया तथा गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय परिसर में स्थित फूल-पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए उत्तम गुणवत्ता की गोबर खाद भी लाई गई।
सांध्यकालीन सांस्कृतिक सत्र में प्रस्तुत मनमोहक एवं रंगारंग कार्यक्रमों ने दिनभर की गतिविधियों को सुखद समापन प्रदान किया। शिविर का पहला दिन सेवा, सीख और संस्कार के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।