अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में वीर नारियों और वीर माताओं का सम्मान

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24.इन
मंडी, हिमाचल प्रदेश

अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की चौथी सांस्कृतिक संध्या में उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिले की वीर नारियों एवं वीर माताओं को सम्मानित कर उनके अदम्य साहस और त्याग को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वीर परिवारों को सम्मानित करना पूरे समाज के लिए गर्व और गौरव की बात है।
उपायुक्त ने कहा कि जिन वीर सपूतों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए, उनके बलिदान से देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। उनके परिवारों का धैर्य, साहस और त्याग नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन वीर परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
इस दौरान विभिन्न युद्धों और अभियानों में शहीद हुए सैनिकों की वीर नारियों और वीर माताओं को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वीर परिवारों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।
उपायुक्त ने कहा कि समाज का दायित्व है कि वह वीर परिवारों के सम्मान और सहयोग में सदैव आगे आए तथा उनके त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।