आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समिट में कांग्रेस के व्यवहार पर जयराम ठाकुर का तीखा हमला

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
जयराम ठाकुर ने मंडी से जारी बयान में कहा कि दुनिया के दिग्गज राष्ट्राध्यक्षों और टेक कंपनियों के प्रमुखों की मौजूदगी में देश की राजधानी में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस का “टॉपलेस” होना देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कृत्य की योजना में कांग्रेस नेतृत्व के प्रमुख चेहरे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस घटना से कांग्रेस का राष्ट्र-विरोधी और विकास-विरोधी चेहरा सामने आ गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध और देश का विरोध अलग-अलग बातें हैं, लेकिन कांग्रेस हताशा में यह अंतर भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि विश्व इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं जब एक मंच पर राजनीतिक और तकनीकी दिग्गज एकत्रित होते हैं और पूरी दुनिया की निगाहें उस आयोजन पर होती हैं।
केंद्र से मिली परियोजनाओं पर जताया आभार
जयराम ठाकुर ने केंद्रीय वित्त मामलों के मंत्रालय द्वारा जायका (JICA) चरण-दो के तहत हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 1617 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत करने पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि बाह्य सहायता प्राप्त इस परियोजना से प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेज और 86 स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधाएं बेहतर होंगी।
जायका द्वारा दिए जा रहे 1294 करोड़ रुपये में 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 10 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह ही विश्व बैंक के माध्यम से आपदा पुनर्निर्माण हेतु 1992 करोड़ रुपये की परियोजना को भी मंजूरी मिली है, जिसमें 1792 करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा दिए गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार केंद्र सरकार का नाम लेने से बचती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर लगभग 3000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत होना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।
286 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को लगभग 286 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की है। इसमें 27.23 करोड़ रुपये पूंजी निवेश योजना की दूसरी किस्त तथा 259 करोड़ रुपये आपदा पुनर्निर्माण और अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के लिए स्वीकृत किए गए हैं। यह सहायता “स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट” योजना के तहत दी गई है, जिसका उद्देश्य राज्यों में बुनियादी ढांचे के विकास को गति देना है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र के सहयोग पर राज्य सरकार की चुप्पी उसकी दोहरी मानसिकता दर्शाती है।
अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव में होंगे शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर रविवार को अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव की अंतिम जलेब में शिव प्रताप शुक्ल के साथ शामिल होंगे। सात दिवसीय इस देव महाकुंभ के दौरान वे सुबह चौहट्टा की जातर में देवी-देवताओं के दर्शन करेंगे और दोपहर बाद निकलने वाली राज माधव राय भगवान की जलेब में भाग लेंगे।
इस अवसर पर उन्होंने मंडीवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मंडी की शिवरात्रि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग है और देवी-देवताओं से प्रदेश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।