दिल्ली समेत कई राज्यों में सुरक्षा अलर्ट, खुफिया इनपुट के बाद सतर्कता बढ़ी

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
नई दिल्ली

देश की खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली समेत कई राज्यों के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थलों पर संभावित आतंकी हमले की आशंका जताई है। इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों जैसे लाल किला और उसके आसपास स्थित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। आशंका जताई गई है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बना सकता है।
सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता
खबर लिखे जाने तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बीच बैठकें जारी थीं। एक अधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की पुष्टि की है। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि राजधानी में इस प्रकार के अलर्ट समय-समय पर मिलते रहते हैं और एहतियातन सुरक्षा बढ़ाना एक नियमित प्रक्रिया है।
धार्मिक स्थलों पर विशेष नजर
खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि बड़े और भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थल संभावित निशाने पर हो सकते हैं। चांदनी चौक क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
घबराने की जरूरत नहीं
सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली जैसे संवेदनशील महानगर में हमेशा उच्च स्तर की निगरानी रहती है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सामान्य दिनचर्या जारी रखें।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।