कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
नाहन,जिला सिरमौर
सिरमौर भाजपा जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में सरकार ने 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लिया है, लेकिन प्रदेश में न तो कोई बड़ी योजना धरातल पर दिखाई दे रही है और न ही विकास कार्यों में अपेक्षित तेजी नजर आ रही है।
रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से जानना चाहती है कि इतना बड़ा कर्ज आखिर कहां खर्च हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के लिए बनाई जाती है, विनाश के लिए नहीं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं ने प्रदेशवासियों को विकास के बड़े-बड़े सपने दिखाए और 10 बड़ी गारंटियां दी थीं, जो अब तक पूरी नहीं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर वर्ष एक लाख सरकारी नौकरियां देने, 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने, हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने तथा किसानों-बागवानों से 100 रुपये प्रति लीटर भैंस का दूध और 80 रुपये प्रति लीटर गाय का दूध खरीदने जैसी घोषणाएं केवल चुनावी वादे साबित हुई हैं।
रावत ने यह भी कहा कि किसानों से गोबर खरीदने की गारंटी भी पूरी नहीं की गई। उनके अनुसार, इन अधूरी गारंटियों से प्रदेश की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे और मझौले कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिल रहा है तथा ठेकेदारों को कार्य पूर्ण करने के बाद भी भुगतान में देरी हो रही है। रावत ने सवाल उठाया कि 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज आखिर किस दिशा में खर्च हो रहा है और सरकार को इस पर सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए।