अंतर्राष्ट्रीय महा शिवरात्रि उत्सव का भव्य समापन, राज्यपाल ने की पूजा-अर्चना

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24.इन
मंडी, हिमाचल प्रदेश

पौराणिक रियासतकालीन श्री मांडव्य नगर जनपद ‘छोटी काशी’ (मंडी) में पांच सौ वर्ष पुराने शिवरात्रि-उत्सव का समापन महामहिम राज्यपाल के करकमलों से सम्पन्न हुआ। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा प्रदेश की प्रथम हिमाचली लेडी गवर्नर श्रीमती जानकी शुक्ला ने अपने मंडी दौरे के दौरान प्रातःकाल में मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
राज्यपाल ने माता टारना देवी मंदिर तथा भूतनाथ मंदिर में श्रद्धापूर्वक माथा टेका। इस शुभ अवसर पर स्वयंम्भू बाबा भूतनाथ जी के प्रांगण में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शैव भक्तों की आस्था और भक्ति का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा।
राज्यपाल ने शहर की अधिष्ठात्री भगवती माता टारना देवी मंदिर में विराजे देव कमरूनाग के समक्ष भी नमन किया। उल्लेखनीय है कि पौराणिक मांडव्य नगर जनपद में स्थित भगवती टारना देवी का मंदिर भी लगभग पांच सौ वर्ष पुराना है, जो क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का प्रतीक है।
उत्सव के समापन अवसर पर मंडी शहर के प्रमुख बाजारों से राज्यपाल के नेतृत्व में भव्य ‘जलेब’ (देव शोभायात्रा) का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चौहट्टा बाजार में सैकड़ों देवी-देवताओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि मंडी शहर के पांच सौ वर्ष पूर्ण होने के उल्लासपूर्ण महोत्सव के रूप में भी मनाया गया। इससे ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिला। विदेशों से आए कलाकारों और नर्तकों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव में चार चांद लगाए।
एक सप्ताह से चल रहे इस भव्य अंतर्राष्ट्रीय महा-शिवरात्रि उत्सव का समापन श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।