देवभूमि न्यूज 24.इन
सिरमौर जिला के पुलिस थाना शिलाई क्षेत्र में एक दर्दनाक पिकअप दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र जीत सिंह, निवासी गांव चचराडा, पोस्ट ऑफिस शिरी क्यारी, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
घायल पिकअप चालक की पहचान 25 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र लाल सिंह, निवासी गांव चचराडा, पोस्ट ऑफिस शिरी क्यारी, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विपिन कुमार अपनी पिकअप (एचपी 85-2604) को गांव मंगताड़ी में मोड़ने के लिए पर्याप्त स्थान न होने के कारण घटनास्थल से लगभग 50 मीटर पीछे नाले की ओर ले जाकर बैक करते हुए वापस गांव मंगताड़ी की ओर ला रहा था। इसी दौरान पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में गिर गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में रमेश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
शिलाई पुलिस ने चालक विपिन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
उधर, जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने पिकअप दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत तथा एक के घायल होने की पुष्टि की है।