देवभूमि न्यूज 24.इन
सिरमौर जिला के राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एक एवं दो द्वारा आयोजित वार्षिक सप्त दिवसीय शिविर के दूसरे दिन विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
प्राचार्य डॉ. जे. आर. कश्यप के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम अधिकारी यशपाल शर्मा एवं रंजना चौहान के नेतृत्व में दिन की शुरुआत योगाभ्यास और प्रार्थना सभा से हुई। इसके उपरांत स्वयंसेवकों ने संपूर्ण महाविद्यालय परिसर की स्वच्छता अभियान के तहत साफ-सफाई की।
शिविर के प्रथम सत्र में संसाधन व्यक्ति के रूप में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा शिलाई के प्रबंधक रूपक कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने इंश्योरेंस, डिजिटल करेंसी, वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर अरेस्ट जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और वित्तीय लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह दी।
दिन के दूसरे सत्र में गोद लिए गए गांव नाया में लैंगिक संवेदीकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को समानता, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया।
इसके साथ ही आगामी पंचायती चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक सर्वेक्षण भी किया गया, ताकि लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा सके।