देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के चक्कर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सुना। इसके पश्चात उन्होंने प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ (एलोपैथी) की परिचय बैठक एवं कार्यशाला को संबोधित किया।
जयराम ठाकुर ने भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री और देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है, जिसने विश्व पटल पर भारत के तकनीकी कौशल, उन्नत एआई मॉडल्स और नवाचार क्षमता को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि यह समिट भारतीय प्रतिभा और तकनीकी आत्मनिर्भरता को मजबूत कर युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। ‘मन की बात’ के दौरान डिजिटल सुरक्षा पर चर्चा का उल्लेख करते हुए उन्होंने नागरिकों से ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन सुरक्षित और विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को सुदृढ़ कर रहा है।
इसके उपरांत चिकित्सा प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने चिकित्सकों को सेवा, समर्पण और संवेदना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की जिम्मेदारी केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ भविष्य में जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा तथा संगठनात्मक सुदृढ़ता के साथ जनसेवा के मूल मंत्र को आगे बढ़ाएगा। इस अवसर पर संगठनात्मक ढांचे और चिकित्सकों के सामाजिक दायित्वों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।