राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का बीजेपी पर हमला, RDG और AI समिट को लेकर उठाए सवाल

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
शिमला। जगत सिंह नेगी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश के हितों में खड़ी नहीं रहती और उसके नेता भी आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) की बहाली के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने भाजपा को “हिमाचल विरोधी” करार देते हुए उस पर राजनीतिक स्वार्थ साधने के आरोप लगाए।
नेगी ने कहा कि आरडीजी प्रदेश का संवैधानिक अधिकार है और कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी। उन्होंने भाजपा की नीयत पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी प्रदेश के अधिकारों और हितों की रक्षा नहीं कर रही है।
राजस्व मंत्री ने एआई समिट को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि समिट के दौरान विश्व समुदाय के समक्ष तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने की कोशिश की गई। उनका कहना था कि चीन में बने उत्पाद को भारत का बताकर प्रदर्शित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। नेगी ने भारत मंडपम में हुए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा नेता भी इस प्रकार के प्रदर्शन करते रहे हैं।
राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक हलचल पर भी नेगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दो वर्ष पूर्व राज्यसभा चुनाव के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) का डर दिखाया गया था। नेगी ने कहा कि अल्पमत में होने के बावजूद भाजपा को उम्मीदवार नहीं देना चाहिए था और आरोप लगाया कि भाजपा को संविधान पर विश्वास नहीं है।
उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि वह कांग्रेस की चिंता छोड़कर अपनी आंतरिक गुटबाजी पर ध्यान दे।