देवभूमि न्यूज 24.इन
शिलाई(सिरमौर)स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की शिलाई इकाई ने आज प्रदेश के उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री को ज्ञापन सौंपकर राजकीय महाविद्यालय शिलाई में व्याप्त समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। संगठन ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और समग्र विकास प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में छात्र संगठन ने निम्नलिखित मांगों को प्रमुखता से रखा
कॉलेज में लंबे समय से खेल शिक्षक का पद रिक्त होने के कारण खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने की मांग की गई, ताकि उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
कॉलेज परिसर में आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण तथा बाहरी क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रावास (हॉस्टल) की व्यवस्था की अपील की गई।
छात्र हितों की रक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए प्रदेश में छात्र संघ चुनावों को शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई गई।
छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि महाविद्यालय में लगातार उपेक्षा के कारण विद्यार्थियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन छात्रों को संगठित कर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।
संगठन ने उम्मीद जताई कि मंत्री महोदय छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करेंगे, ताकि महाविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाया जा सके।