कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
नाहन,जिला सिरमौर
जिला सिरमौर में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।
माजरा थाना क्षेत्र में महिला की मौत
पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत एक सड़क दुर्घटना में 76 वर्षीय महिला की मौत हो गई। शिकायतकर्ता शुभम पुत्र मस्तराम चौधरी, निवासी गांव टोकियों, डाकघर सैनवाला मुबारिकपुर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर ने बताया कि उनकी ताई श्रीमती राम कौर पत्नी स्वर्गीय छोटा राम सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल (नंबर HP17C4760) ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मोटरसाइकिल चालक की पहचान विचित्र सिंह पुत्र वेद प्रकाश, निवासी कोलर, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। इस संबंध में धारा 281 और 106 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
नाहन में दो लोग घायल
दूसरी घटना पुलिस थाना सदर नाहन के तहत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता जगत सिंह चौहान पुत्र जीत सिंह, निवासी गांव शिली अधोग, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर ने बताया कि ददाहु से नाहन की ओर आते समय मलंगाव के पास एक पिकअप वाहन (नंबर PB19X3578) ने उनकी मोटरसाइकिल (नंबर HP85AA0546) को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में शिकायतकर्ता तथा उनके साथी सतपाल को चोटें आई हैं। पिकअप चालक की पहचान गुरदीता सिंह पुत्र सवरण सिंह, निवासी सलेमपुर शेरवा, राजपुरा, पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है। इस मामले में धारा 281 और 125(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर अन्वेषण जारी है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।