कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24.इन
नाहन: भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में विनय कुमार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि रेणुका के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में भी क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं करवा पाए हैं।
रावत ने कहा कि विनय कुमार पूर्व में विधानसभा उपाध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर भी रह चुके हैं, इसके बावजूद रेणुका क्षेत्र में विकास कार्य नजर नहीं आते। उन्होंने विधायक से सवाल करते हुए पूछा कि तीन वर्षों में उन्होंने रेणुका विधानसभा क्षेत्र के लिए कौन-कौन से प्रमुख विकास कार्य करवाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के विकास के बजाय विधायक ने अपना विकास किया है, जो सभी को दिखाई दे रहा है। रावत ने कहा कि क्षेत्र में हजारों बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि रेणुका में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इसके बावजूद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
रावत ने आगे कहा कि आज भी क्षेत्र की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। अनेक स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों और सहायक कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। शिक्षण संस्थानों में भी कई पद खाली पड़े हैं। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हाल ही में हरिपुरधार के समीप हुई दुर्घटना में 14 लोगों की जान चली गई, जो सड़क व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।
रावत ने कहा कि जनता ने विधायक को विकास कार्यों के लिए चुना है, न कि व्यक्तिगत सुविधाओं के लिए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में रेणुका की जनता इसका जवाब देगी