राजकीय महाविद्यालय शिलाई में एनएसएस शिविर का पांचवां दिन उत्साहपूर्वक संपन्न

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन

राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एक और दो द्वारा आयोजित वार्षिक सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन विविध गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. जे. आर. कश्यप के मार्गदर्शन में तथा कार्यक्रम अधिकारी यशपाल शर्मा एवं रंजना चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुआ।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध लोक गायक एवं वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर कार्यरत दीप खदराई ने बतौर रिसोर्स पर्सन शिरकत की। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा करते हुए स्वयंसेवकों को वन एवं वन्य जीव संरक्षण के महत्व पर जागरूक किया। साथ ही वन अग्नि की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित तकनीकी जानकारी भी विस्तारपूर्वक प्रदान की।ठेठ पहाड़ी शैली और सुरीली आवाज के धनी श्री खदराई ने हिमाचली लोक संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला। उनके लोकगीतों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया, जिससे स्वयंसेवक झूमने और उनके साथ गुनगुनाने को प्रेरित हुए। कार्यक्रम ने शिविर में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।दिन के दूसरे सत्र में स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के तहत श्रमदान किया। उन्होंने परिसर में लगे फूल-पौधों की गुड़ाई कर उनकी देखभाल की तथा उनकी बेहतर वृद्धि के लिए उन्नत किस्म की गोबर खाद लाकर पौधों में डाली।इस प्रकार शिविर का पांचवां दिन पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक जागरूकता और श्रमदान की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।