इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का तीखा विरोध

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पिछले सप्ताह भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुए कथित ‘शर्टलेस प्रोटेस्ट’ के संबंध में की गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
खरगे की प्रतिक्रिया
मल्लिकार्जुन खरगे ने गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि युवा नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि देश में युवा रोजगार के लिए परेशान हैं और सरकार जनभावनाओं से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।
खरगे ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी दबाव से डरने वाली नहीं है।
राहुल गांधी का बयान
राहुल गांधी ने भी इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध भारत की ऐतिहासिक धरोहर है और हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने लिखा कि उन्हें युवा कांग्रेस के “बब्बर शेर साथियों” पर गर्व है, जिन्होंने देशहित के मुद्दों पर आवाज उठाई।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए ट्रेड समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है और इसी सच्चाई को सामने लाने के कारण युवा नेताओं पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा, “डरो मत – सच और संविधान हमारे साथ हैं।”
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने IStandWithYouthCongress के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया है।