सुंदरनगर में भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान, जयराम ठाकुर ने संगठनात्मक मजबूती पर दिया जोर

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुंदरनगर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के अंतर्गत मंडी संसदीय क्षेत्र की कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि अपने अडिग वैचारिक अधिष्ठान और समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत है।
कार्यशाला में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का मूल लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान है। जब तक विकास की किरण हर गरीब तक नहीं पहुंचती, तब तक संगठन का कार्य अधूरा है।
उन्होंने बूथ प्रबंधन को सुदृढ़ करने, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। इस वैचारिक सत्र में प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी डॉ. संजय टंडन और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही।
राज्य सरकार पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का श्रेय लेने की राजनीति कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से ‘ह्यूमन पैपिलोमा वायरस’ (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 9 से 14 वर्ष की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा यह अभियान केंद्र सरकार की योजना है, जिसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को विशेष श्रेणी के राज्य के रूप में सहायता मिल रही है, जिसके तहत इस टीकाकरण अभियान का 90 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार वहन कर रही है, जबकि राज्य का योगदान 10 प्रतिशत है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार केंद्र के योगदान का उल्लेख नहीं कर रही है। उन्होंने इसे राजनीतिक संकीर्णता बताते हुए कहा कि बेटियों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यशाला में उपस्थित विधायकों और पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।