ऊना में एंटी-चिट्टा अभियान तेज, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: उपायुक्त जतिन लाल

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
ऊना, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में नशा निवारण अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त जतिन लाल ने स्पष्ट किया कि एंटी-चिट्टा अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नशा उन्मूलन पर विशेष फोकस किया गया है और इसी क्रम में व्यापक एंटी-चिट्टा अभियान संचालित किया जा रहा है। जिले की सभी पंचायतों में स्थानीय स्कूल अथवा कॉलेज के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में नशा निवारण समितियां गठित की गई हैं। इनमें से 10 पंचायतों को ‘चिट्टा’ के दृष्टिकोण से संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है, जहां विशेष सतर्कता अपेक्षित है।
संवेदनशील पंचायतों के कुछ प्रधानाचार्यों की बैठक में अनुपस्थिति पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि भविष्य में इस प्रकार की उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी तथा संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी समितियां नियमित बैठकें आयोजित करें और स्थानीय समुदाय, युवाओं, महिला मंडलों तथा सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ा जाए। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन व पुलिस को देने को कहा गया है।
नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्रों के औचक निरीक्षण के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत गठित जिला स्तरीय समिति को केंद्रों की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों की समीक्षा करते हुए ब्लैक स्पॉट सुधार, पैराफिट लगाने और तेज व लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। प्रमुख बाजारों में घोषित नो-पार्किंग और नो-वेंडिंग जोन को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि जिले में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। उन्होंने केमिस्ट दुकानों के नियमित निरीक्षण, दवाओं के स्टॉक व रिकॉर्ड की जांच तथा प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में एएसपी सुरेंद्र शर्मा, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, डीएसपी हरोली मोहन रावत, डीएसपी अंब अनिल पटियाल सहित प्रशासन, पुलिस और पंचायत स्तरीय नशा निवारण समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।