देवभूमि न्यूज 24.इन
शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए अभी समय है और प्रत्याशी का चयन पार्टी हाईकमान द्वारा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे उम्मीदवार के चयन पर निर्णय लेंगे। हाईकमान के फैसले के बाद विधायक उन्हें वोट देकर राज्यसभा भेजेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि भारतीय जनता पार्टी सहयोग करे, लेकिन भाजपा सहयोग के पक्ष में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15वें वित्त आयोग के समक्ष भाजपा नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरडीजी की मांग उठाई, किंतु जब विधानसभा में प्रदेश के हितों और अधिकारों की बात आई तो उन्होंने हंगामा किया। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश हित की लड़ाई कौन लड़ रहा है, यह जनता देख रही है।
“हिमाचल सदन पर रेड दुर्भाग्यपूर्ण”
मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिल्ली स्थित हिमाचल सदन में हुई कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं वहां ठहरे हुए थे और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी वहां आते रहते हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कि सीएम कार्यालय से बुकिंग होती है, सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से ही बुकिंग की प्रक्रिया होती है और यह सभी के लिए समान रूप से की जाती है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की जांच या कार्रवाई करनी थी तो संबंधित अधिकारियों को पूर्व सूचना दी जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो आरसी को और न ही उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध को अपराध की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।