देवभूमि न्यूज 24.इन
सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा प्रस्तावित अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर की साइट का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में ‘स्टेट ऑफ आर्ट’ कैंसर अस्पताल के साथ-साथ नर्सिंग कॉलेज और डेंटल कॉलेज का भी निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को उनके घर-द्वार के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और अन्य अस्पतालों में स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक सुधार कर रही है।
उन्होंने कहा कि All India Institute of Medical Sciences (एम्स) दिल्ली की तर्ज पर राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में पुरानी मशीनरी और उपकरणों को बदलकर विश्वस्तरीय मशीनरी एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर-पूर्वी राज्यों के बाद हिमाचल प्रदेश में कैंसर के मामलों की संख्या अधिक है। ऐसे में हमीरपुर में कैंसर अस्पताल की स्थापना से प्रदेशवासियों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर कैंसर अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए 11 नए विशेषज्ञ विभाग स्थापित किए जा रहे हैं, जिन्हें हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। कैंसर केयर सेंटर में मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, पेन पैलिएशन, न्यूक्लियर मेडिसिन, एनेस्थिसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर, पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी, रेडियोलॉजी इमेजिंग, गायनी ऑन्कोलॉजी, स्टेम सेल एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग स्थापित किए जाएंगे। इन विभागों के माध्यम से प्रदेश के कैंसर रोगियों को राज्य के भीतर ही विशेष उपचार सुविधाएं मिलेंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रणालीगत स्क्रीनिंग, रोकथाम, निगरानी, रिकॉर्डिंग और समय पर जांच की आवश्यकता है। इसी दृष्टि से Dr. Radhakrishnan Government Medical College Hamirpur में राज्य कैंसर सेंटर स्थापित करने को स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही स्वास्थ्य प्रणाली के कायाकल्प के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं और लोगों को प्रदेश के भीतर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार एवं कैप्टन रणजीत सिंह, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांगड़ा प्राथमिक सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा, सुभाष ढटवालिया, रूबल ठाकुर, सचिव एम. सुधा देवी और आशीष सिंघमार, उपायुक्त गंधर्व राठौर तथा पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।