जयराम ठाकुर का दिल्ली दौरा, केंद्रीय मंत्रियों से की अहम मुलाकात

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हाल ही में दिल्ली का महत्वपूर्ण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र शेखावत से शिष्टाचार भेंट की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष ने हिमाचल प्रदेश के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और लंबित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रदेश के विकास कार्यों को गति देने और केंद्र से अपेक्षित सहयोग के विषय में भी बातचीत की।
वहीं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र शेखावत से मुलाकात के दौरान प्रदेश में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के तहत संचालित परियोजनाओं, मंडी में निर्माणाधीन ‘शिवधाम’ प्रोजेक्ट तथा पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने वाली योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
‘शिवधाम’ प्रोजेक्ट को हिमाचल में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला एक महत्वाकांक्षी संकल्प बताया गया। यह परियोजना न केवल प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करेगी, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। इससे प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती मिलने और पर्यटन क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद जताई गई।