हिमाचल में 39 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी, चुनाव की तैयारियां तेज

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश में 40 में से 39 नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को पंचायती राज विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी। मंडी जिले की एक पंचायत के गठन में अभी तकनीकी पेच फंसा हुआ है। अब विभाग की ओर से इन पंचायतों का पुनर्सीमांकन किया जाएगा और एक सप्ताह के भीतर इनकी सीमाएं तय करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कुल पंचायतों की संख्या बढ़कर 3,616
39 नई पंचायतों के गठन के बाद प्रदेश में कुल पंचायतों की संख्या बढ़कर 3,616 हो गई है, जो पहले 3,577 थी। विभाग को नई पंचायतों के गठन के लिए और भी आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, लेकिन फिलहाल नई पंचायतों के गठन पर रोक रहेगी। Supreme Court of India के आदेशानुसार राज्य सरकार को 31 मई से पहले पंचायत चुनाव करवाने हैं। इसी के मद्देनज़र Himachal Pradesh State Election Commission ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।
तीन चरणों में हो सकते हैं चुनाव
पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव तीन अलग-अलग चरणों में करवाए जा सकते हैं। चुनाव प्रक्रिया में लगभग 35 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जबकि प्रदेशभर में करीब 22 हजार मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें। आयुक्तों और जिला निर्वाचन अधिकारियों को जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।