जंजैहली में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए जयराम ठाकुर, एचपीवी टीकाकरण अभियान को बताया ऐतिहासिक कदम

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आज सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में सेतु सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों से शिविर में भाग लेकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाने और विशेषज्ञों से चिकित्सीय परामर्श लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच हमें भविष्य में होने वाले गंभीर खतरों से न केवल आगाह करती है, बल्कि उनसे निपटने की प्रभावी रणनीति बनाने का अवसर भी प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की जांच करवानी चाहिए। उन्होंने इस पहल के लिए आयोजक मंडल का धन्यवाद भी किया।
सभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए राष्ट्रव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान (एचपीवी) को देश की करोड़ों बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक और युगांतकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए निःशुल्क टीकाकरण की यह पहल चिकित्सा क्षेत्र में मील का पत्थर है और मातृशक्ति के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। हर वर्ष बड़ी संख्या में मामले सामने आते हैं और हजारों महिलाओं की इस बीमारी के कारण मृत्यु हो जाती है, जिससे अनेक परिवार प्रभावित होते हैं। ऐसे में एचपीवी टीकाकरण आने वाली पीढ़ियों को एक रोगमुक्त और सशक्त जीवन की दिशा में सुरक्षा कवच प्रदान करेगा।
जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों, विशेषकर माताओं और बहनों से आह्वान किया कि वे इस अभियान के प्रति जागरूक बनें और अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाकर इस घातक बीमारी के विरुद्ध राष्ट्रीय प्रयास को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला होती है।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने भी महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने पर बल दिया।
शिविर को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सेतु सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों के बुजुर्गों एवं संसाधनों से वंचित लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक लैब जांच की सुविधाएं घर-द्वार पर उपलब्ध करवाना वास्तविक अर्थों में समाज सेवा की पराकाष्ठा है।
उन्होंने स्मरण कराया कि गत वर्ष जब सराज और विशेषकर थुनाग क्षेत्र प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुआ था, तब भी ट्रस्ट ने जोखिम उठाकर जनसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया था। जंजैहली में आयोजित यह शिविर उसी सतत सेवा यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।