देवभूमि न्यूज 24.इन
जयराम ठाकुर ने शिमला नगर निगम में हालिया सियासी घटनाक्रम और प्रशासनिक उथल-पुथल को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है।
शिमला से जारी प्रेस विज्ञप्ति में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी ‘मित्र मंडली’ को उपकृत करने के मोह में लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में जो घटनाक्रम चल रहा है, वह न केवल अलोकतांत्रिक है बल्कि जनमत का भी अपमान है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अपने एक खास मित्र को लंबे समय तक सत्ता के गलियारों में ‘एडजेस्ट’ करने और सत्तासुख दिलाने की खातिर लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर किया गया है। भाजपा पार्षदों को जिस तरह से सदन से बाहर निकाला गया, उसे उन्होंने असंवैधानिक करार देते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज से डर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी इस प्रकार की दमनकारी नीतियों को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर ‘महिला विरोधी मानसिकता’ का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थापित नियमों के अनुसार अढ़ाई वर्ष बाद मेयर का पद महिला के लिए आरक्षित होना था, लेकिन अपने करीबी को पद पर बनाए रखने के लिए नियमों की अनदेखी की गई। इसे उन्होंने पात्र महिला पार्षदों के अधिकारों का हनन बताया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी जयराम ठाकुर ने कहा कि नगर निगम में विकास कार्यों के नाम पर अनियमितताएं हो रही हैं और जब भाजपा पार्षद सवाल उठाते हैं तो उन्हें दबाने की कोशिश की जाती है।
प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं
नेता प्रतिपक्ष ने होली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की अपील की तथा प्रदेश में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।