देवभूमि न्यूज 24.इन
रंगों के पर्व होली पर हिमाचल प्रदेश में उल्लास और उमंग का माहौल देखने को मिला। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में सुबह से ही रंगों की बौछार और संगीत की गूंज सुनाई दी। लोग डीजे की धुनों पर नाचते-गाते एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।
शिव प्रताप शुक्ल ने लोकभवन शिमला में ‘होली मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी धर्मपत्नी सहित लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल के साथ गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू के सरकारी आवास पर भी होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मंत्रीगण, वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी बधाई देने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
उधर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने सरकारी आवास पर भाजपा नेताओं के साथ होली खेली। इस दौरान उन्होंने गुलाल लगाकर पारंपरिक नाटी भी की। जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की।
प्रदेशभर में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच होली का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।