सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद ने आम जनता संग मनाई होली

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
ऐतिहासिक शहर नाहन में होली का पर्व इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर में युवा टोलियां बनाकर जगह-जगह रंगों के साथ होली खेलते नजर आए, वहीं आम जनता ने भी जमकर गुलाल उड़ाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुनों पर लोग थिरकते दिखाई दिए, जिससे पूरा शहर रंगों में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर डॉ. राजीव बिंदल और सुरेश कश्यप ने भी आम जनता के साथ रानी झांसी पार्क में होली मनाई। दोनों नेताओं ने लोगों के साथ गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और उत्सव में शामिल होकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
मीडिया से बातचीत में डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि होली का महापर्व द्वेष और नफरत को भुलाकर आपसी प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह रंगों का त्योहार सभी को मिलजुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेदों और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज में एकता और सौहार्द को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उनके अनुसार होली से त्योहारों की शुरुआत होती है और आने वाले नवरात्रि सहित अन्य पर्व भी प्रदेश में धूमधाम से मनाए जाएंगे।
वहीं सांसद सुरेश कश्यप ने देश व प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व खुशहाली, समृद्धि और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हो और समाज में प्रेम एवं सौहार्द की भावना बनी रहे।
नाहन में शांतिपूर्ण माहौल के बीच रंगों के इस पर्व ने एक बार फिर सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की।