सुईनल काली मां मंदिर में चोरी, गल्ला तोड़कर हजारों की नकदी ले उड़े चोर

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत बाली कोटी के सुईनल स्थित काली मां मंदिर में चोरों ने सेंध लगाकर मंदिर के गल्ले को तोड़ दिया और उसमें रखी हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना 2 मार्च की रात की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार गल्ले में करीब 50 हजार रुपये से अधिक की राशि मौजूद थी अनुमान हैं
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी जनवरी 2025 में मंदिर का गल्ला तोड़कर करीब 60 हजार रुपये की नकदी चोरी हो चुकी है। उस घटना के बाद मंदिर समिति ने सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।
इस बार चोरों ने मंदिर के बाहर लगे कैमरे की तार काट दी, लेकिन उन्हें यह आभास नहीं था कि गल्ले की निगरानी के लिए मंदिर के भीतर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ग्रामीण दिनेश, बाजूराम व अन्य लोगों ने जब फुटेज देखी तो उसमें एक व्यक्ति गल्ला तोड़कर पैसे गिनता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज में आरोपी के हाथ में घड़ी और बाजू पर बना टैटू भी स्पष्ट नजर आ रहा है।
मां काली सेवा समिति के कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना शिलाई पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही चोर को पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।