*देवभूमि न्यूज 24.इन*
भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में संचालित माय भारत द्वारा राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का आयोजन शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा संसद जैसे मंच युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
राज्य निदेशक (प्रभारी) श्री ध्रुव डोगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला स्तर पर विजेता रहे प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित शीर्ष तीन विजेता नई दिल्ली के सेंट्रल हॉल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय युवा संसद में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्य स्तरीय युवा संसद का विषय था
“केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सशक्त बनाना।”
इस विषय पर प्रतिभागियों ने तर्कपूर्ण एवं प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के संध्या सत्र में सुश्री रंजना चौहान, आईपीएस, डीआईजी, मानवाधिकार आयोग, शिमला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने युवा संसद के विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी कमज़ोरियों और शक्तियों का सही ज्ञान होना चाहिए, ताकि वे अपने व्यवहार और दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाकर राष्ट्र निर्माण में रचनात्मक योगदान दे सकें। उन्होंने राष्ट्रीय युवा संसद, सेंट्रल हॉल, नई दिल्ली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ भी दीं।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों से आए 50 प्रतिभागियों ने भाग लेकर विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में के. आर. भारती (पूर्व प्रशासनिक अधिकारी), डॉ. कमल मनोहर शर्मा (पूर्व विभागाध्यक्ष, राजनीतिशास्त्र विभाग, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय), संजय सूद (पूर्व जिला लोक अधिकारी) तथा अतुल चम्बयाल (उप निदेशक, सैनिक कल्याण विभाग) शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ हुआ।
प्रतियोगिता के परिणामों में शिमला जिले की ओशिन शर्मा ने प्रथम स्थान, सोलन की कारिका ठाकुर ने द्वितीय स्थान तथा मंडी की अंकिता डांगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।