देवभूमि न्यूज 24.इन
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों की पूरी सूची तैयार कर ली है और जल्द ही इसे सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को जेल भेजा जाएगा।
नाचन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सत्ता या पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और हर भ्रष्टाचारी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
चिट्टे से कमाई संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर
मुख्यमंत्री ने नशा तस्करी के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि चिट्टे के अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे वह किसी का भी घर क्यों न हो, अगर वह नशे की कमाई से बनाया गया है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग के 11 कर्मचारी चिट्टा तस्करी में लिप्त पाए गए थे, जिन्हें नौकरी से हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि अन्य विभागों के कर्मचारी भी यदि नशे के कारोबार में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं तक चिट्टा पहुंचाने वालों के खिलाफ अगले दो महीनों में बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले वोट खरीदने के लिए लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांटी थीं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस को व्यवस्था परिवर्तन का जनादेश दिया।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी के श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज नेरचौक में रोबोटिक सर्जरी सुविधा का भी शुभारंभ किया। लगभग 28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस अत्याधुनिक प्रणाली के शुरू होने से अब जटिल ऑपरेशन रोबोट की मदद से किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने इस प्रणाली से की गई पहली सर्जरी की प्रक्रिया भी देखी और इसे प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।