हिमाचल में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भाजपा का हमला, सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करे: राकेश डोगरा

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

शिमला:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने हिमाचल प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस और कानून का खौफ समाप्त होता जा रहा है, जबकि सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में व्यस्त है।

जारी बयान में राकेश डोगरा ने कहा कि प्रदेश में हत्या, गोलीबारी, मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे प्रदेश की “शांत हिमाचल” की पहचान धूमिल हो रही है। उनका कहना था कि कानून व्यवस्था बनाए रखना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन वर्तमान सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध पर नियंत्रण करने के बजाय अपनी आलोचना करने वालों और राजनीतिक विरोधियों पर नजर रखने में अधिक रुचि दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति और अधिक चिंताजनक हो सकती है।

राकेश डोगरा ने सरकार से मांग की कि अपराधियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पुलिस प्रशासन को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखकर निष्पक्ष ढंग से कार्य करने दिया जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की शांति, सुशासन और सुरक्षित वातावरण की पहचान को बनाए रखने के लिए सरकार को राजनीतिक द्वेष से ऊपर उठकर आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।