वित्तीय साक्षरता से सशक्त बनें: कफोटा सहकारी बैंक ने शिल्ला,ठोंटा जाखल में लगाया जागरूकता शिविर

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई:हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की कफोटा शाखा द्वारा ग्राम पंचायत शिल्ला और टोटा जाखल में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, किसानों, महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं वार्ड सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान बैंक अधिकारी बलवीर सिंह ने बैंक द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित बैंक की अन्य बचत एवं ऋण योजनाओं के बारे में प्रतिभागियों को जागरूक किया।


किसान वर्ग को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का सही एवं प्रभावी उपयोग करने की जानकारी देते हुए इसके लाभ और उपयोग की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।
इसके अलावा शिविर में बढ़ते ऑनलाइन साइबर अपराधों और डिजिटल ठगी से बचाव के उपायों पर भी विशेष जानकारी दी गई। लोगों को अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना, सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचाना तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति नागरिकों को जागरूक करना रहा। बैंक अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बैंकिंग सेवाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी से सतर्क रहें।