रक्षाबंधन पर हिमाचल में सभी सरकारी कर्मचारियों को अवकाश, महिलाओं के लिए HRTC बसों में मुफ्त सफर

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

शिमला : रक्षाबंधन के अवसर पर इस बार हिमाचल प्रदेश में सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा सदन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पहले रक्षाबंधन पर केवल महिलाओं को अवकाश दिया जाता था, जबकि पुरुष कर्मचारियों के लिए छुट्टी का प्रावधान नहीं था। अब त्योहार को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में सभी के लिए सरकारी अवकाश रहेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और आपसी रिश्ते का पर्व है। ऐसे में यह उचित है कि इस दिन पुरुषों और महिलाओं, दोनों को अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने का अवसर मिले। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को रक्षाबंधन पर परिवार के साथ समय बिताने और त्योहार मनाने की सुविधा मिलेगी।वहीं, रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को एक और राहत मिलेगी। महिलाएं हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अपने मायके या परिवार से मिलने जाने वाली महिलाओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद रक्षाबंधन के अवसर पर अवकाश की पुरानी व्यवस्था में बदलाव होगा और इस बार प्रदेश में सरकारी अवकाश सभी कर्मचारियों के लिए रहेगा।