देवभूमि न्यूज 24
शिमला : रक्षाबंधन के मौके पर हिमाचल प्रदेश की सियासत में कांग्रेस की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। भाजपा विधायक रीना कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में महिलाएं इस गारंटी के पूरा होने का इंतजार कर रही हैं।रीना कश्यप ने कहा कि प्रदेश की बहनें हर महीने 1500 रुपये का इंतजार कर रही हैं और अब यह इंतजार नाराजगी में बदल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं से वादाखिलाफी की है। भाजपा विधायक ने कहा कि अब महिलाएं केवल 1500 रुपये की मांग नहीं कर रही हैं, बल्कि अपने पांच साल के पूरे बकाये की भी मांग कर रही हैं।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार के अवसर पर भी प्रदेश की महिलाओं को निराशा हाथ लगी है। सरकार को अब केवल घोषणाएं करने के बजाय महिलाओं को उनके वादे के संबंध में स्पष्ट जवाब देना चाहिए।गौरतलब है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद यह मुद्दा लगातार विपक्ष के निशाने पर रहा है। हालांकि, सरकार ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1500 रुपये की मासिक सहायता देना शुरू किया है, लेकिन यह राशि निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर दी जा रही है।रीना कश्यप ने कहा कि रक्षाबंधन पर जहां बहनें अपने भाइयों से उपहार की उम्मीद करती हैं, वहीं हिमाचल की महिलाएं सरकार से अपने हक के 1500 रुपये मिलने का इंतजार कर रही हैं।








