लॉटरी बहाली पर जयराम ठाकुर का हमला, बोले- भाजपा सरकार बनी तो तत्काल बंद करेंगे व्यवस्था

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
शिमला : प्रदेश की आय बढ़ाने के नाम पर लॉटरी बहाल करने के कांग्रेस सरकार के फैसले पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने लॉटरी व्यवस्था को देवभूमि हिमाचल की संस्कृति के विपरीत बताते हुए कहा कि इसके दुष्परिणामों को नजरअंदाज कर सरकार ने प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेलने वाला फैसला लिया है।
गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि जब प्रदेश में लॉटरी व्यवस्था बंद की गई थी, उस समय भाजपा की सरकार थी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर लॉटरी को तत्काल बंद किया जाएगा और इसे दोबारा शुरू करने के फैसले के लिए जिम्मेदार लोगों की जांच भी करवाई जाएगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि लॉटरी के कारण कई परिवार आर्थिक रूप से बर्बाद हुए हैं। लोगों के घर बिके, जमीनें गिरवी रखनी पड़ीं और कई परिवारों को जेवर तक बेचने की नौबत आई। उन्होंने कहा कि एक बार लॉटरी की आदत लगने के बाद इसे छोड़ना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने लॉटरी की तुलना नशे से करते हुए कहा कि यह भी एक तरह की लत है। जिस प्रकार चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों ने युवाओं और परिवारों को बर्बाद किया है, उसी तरह लॉटरी भी आर्थिक और सामाजिक नुकसान का कारण बन सकती है। उनके अनुसार, लॉटरी से कुछ लोगों की आर्थिक स्थिति भले ही सुधर जाए, लेकिन बड़ी संख्या में परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को प्रदेश की आय बढ़ाने के लिए ऐसे विकल्प तलाशने चाहिए, जिनसे समाज और परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। उन्होंने लॉटरी बहाली के फैसले को वापस लेने की मांग की।