देवभूमि न्यूज 24
शिमला : प्रदेश सरकार ने हजारों कांट्रैक्ट कैरिज वाहन ऑपरेटरों को बड़ी राहत देते हुए 12 से 15 वर्ष पुराने वाहनों के चालान न काटने के निर्देश जारी किए हैं। जब तक केंद्र सरकार इस मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं लेती, तब तक प्रदेश की सीमा के भीतर संचालित इन वाहनों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
विधानसभा में वक्तव्य देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांट्रैक्ट कैरिज वाहनों की निर्धारित आयु सीमा को 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रालय को भेजा जा चुका है। राज्य सरकार इस मामले को लेकर केंद्र के समक्ष लगातार प्रभावी पैरवी कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अपने स्तर पर केंद्रीय नियमों में संशोधन कर वाहनों की आयु सीमा 15 वर्ष नहीं कर सकती। इसके लिए केंद्र सरकार की मंजूरी आवश्यक है। केंद्र से अंतिम निर्णय आने तक प्रदेश में संबंधित वाहन ऑपरेटरों को राहत जारी रहेगी।
संयुक्त निविदा से इलेक्ट्रिकल ठेकेदारों के हित प्रभावित नहीं होंगे
पीडब्ल्यूडी के बड़े निर्माण कार्यों में सिविल और इलेक्ट्रिकल कार्यों की संयुक्त निविदा को लेकर भी सरकार ने विधानसभा में स्थिति स्पष्ट की। सरकार ने कहा कि इस व्यवस्था से इलेक्ट्रिकल ठेकेदारों और हिमाचली कामगारों के हित प्रभावित नहीं होंगे।
विधानसभा में नियम-62 के तहत विधायक सतपाल सिंह सत्ती द्वारा उठाए गए मामले पर लोक निर्माण मंत्री की अनुपस्थिति में तकनीकी शिक्षा एवं नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने सरकार की ओर से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया में स्थानीय ठेकेदारों और कामगारों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।
कांट्रैक्ट कैरिज ऑपरेटरों को बड़ी राहत, 15 साल पुराने वाहनों पर फिलहाल नहीं कटेंगे चालान








