व्यक्ति को मिलेगा ‘डिजिपिन’, आधार-पैन जैसा होगा डिजिटल पता कोड

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

नई दिल्ली : डाक विभाग देशभर में हर व्यक्ति के लिए डिजिपिन (Digital Postal Index Number) जारी करने की दिशा में काम कर रहा है। यह आधार या पैन की तरह एक विशिष्ट कोड होगा, जिसमें व्यक्ति के स्थायी और अस्थायी पते से जुड़ी जानकारी दर्ज की जा सकेगी।
डिजिपिन की व्यवस्था लागू होने के बाद सामान मंगाते समय पूरा पता लिखने की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक केवल अपना डिजिपिन साझा करके डिलीवरी करा सकेंगे। पता बदलने की स्थिति में डिजिपिन से जुड़ी जानकारी को अपडेट करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
लोग स्वयं अपना डिजिपिन बना सकें और नई व्यवस्था को समझ सकें, इसके लिए डाक विभाग करीब दो वर्ष का जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत लोगों को डिजिपिन के इस्तेमाल और इसके फायदे के बारे में जानकारी दी जाएगी।
डिलीवरी के दौरान डाकिए को मोबाइल ऐप में केवल डिजिपिन दर्ज करना होगा। इसके बाद मैप पर संबंधित स्थान की सटीक लोकेशन दिखाई देगी। इससे GPS आधारित और तय समय पर डिलीवरी को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
डिजिपिन एक ओपन-सोर्स, इंटरऑपरेबल, जियो-कोडेड और ग्रिड-आधारित डिजिटल एड्रेस सिस्टम है। इसे IIT हैदराबाद और NRSC-ISRO के सहयोग से विकसित किया गया है।
इस व्यवस्था का इस्तेमाल केवल डाक विभाग तक सीमित नहीं रहेगा। अन्य सरकारी मंत्रालय और विभाग भी डिजिपिन का उपयोग कर सकेंगे। इससे खासकर ग्रामीण, पहाड़ी और दूरदराज क्षेत्रों में अंतिम छोर तक सरकारी एवं अन्य सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
डिजिपिन के लिए UPI की तर्ज पर पूरा डिजिटल ढांचा तैयार किए जाने की योजना है, जिससे इसके इस्तेमाल, सेवाओं और डिलीवरी की निगरानी को भी अधिक व्यवस्थित किया जा सकेगा।