देवभूमि न्यूज 24
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के दौरान मतदाता सूची में 50 प्रतिशत मतदाता कम होने को लेकर लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) प्रेरणा पुरी को पत्र लिखकर मतदाता सूची से हटाए गए नामों का पूरा रिकॉर्ड मांगा है।
तिवारी ने एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। सांसद ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान चंडीगढ़ में कुल 6,59,805 मतदाता थे। वहीं, 14 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय में हुई एसआईआर-2026 की बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार मतदाताओं की 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। यह गंभीर विषय है और इस संबंध में पूरी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए। तिवारी ने सीईओ से उन सभी मतदाताओं की सूची मांगी है, जिनके नाम प्री-एसआईआर और मौजूदा एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
उन्होंने प्रत्येक मतदाता का नाम, वार्ड नंबर, बूथ नंबर और नाम हटाने का विशिष्ट कारण उपलब्ध कराने को कहा है। सांसद ने कहा कि इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन कारणों से मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का किस तरह पालन किया गया।